इटियाथोक, गोंडा। थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत भवानीपुर खुर्द के मजरा गांव बंधुकपुरवा में पंद्रह वर्षीय मंगलदेव की हत्या के बाद, सामाजिक संगठनों और विभिन्न राजनीतिक दलों ने पीड़ित परिवार की आर्थिक मदद के लिए हाथ बढ़ाया है।इसी क्रम में बुधवार अखिल भारतीय कुर्मी क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सर्वेश कटियार, उपाध्यक्ष आरवी सिंह व राष्ट्रीय सचिव मान सिंह पटेल ने बंधुकपुरवा गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की है।इस दौरान पीड़ित परिवार को 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
कुर्मी महासभा ने पीड़ित परिवार को आगे भी हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।राष्ट्रीय सचिव मान सिंह पटेल ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा।अध्यक्ष श्री कटियार ने प्रदेश सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति पर प्रश्नचिन्ह लगाते हुए कहा कि एक पिछड़े समाज के लड़के की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जो सामंतवादी विचारधारा का परिणाम है। उन्होंने कहा कि मंगलदेव ही परिवार का एकमात्र सहारा था, जो कम उम्र में भी मेहनत करके परिवार का भरण-पोषण कर रहा था।उपाध्यक्ष आरवी सिंह ने मंगलदेव की हत्या को ‘अत्यंत निंदनीय’और दुखद बताया।उन्होंने कहा कि उनका समाज पीड़ित परिवार के साथ हमेशा खड़ा रहेगा।और भविष्य में भी आर्थिक मदद जारी रखेगा।वहीं समाजवादी पार्टी के राहुल शुक्ल ने भी पीड़ित परिवार से मुलाकात की है और शोक संवेदना व्यक्त करते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिया है।