दबंगों ने दी तालिबानी सजा,युवक को पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटा
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया
इटियाथोक,गोंडा। थाना क्षेत्र के एक गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दबंगों ने युवक को पेड़ से बांधकर तालिबानी सजा दी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।युवक का आरोप है, कि उसे पेड़ से बांधकर कड़ी यातना दी गई। वहीं कुछ लोग मोबाइल से वीडियो तस्वीर भी बनाते रहे, लेकिन कोई बचाने नहीं आया।पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
प्रकरण इटियाथोक थाना क्षेत्र के गांव सेखुई का है। यहां के रहने वाले अनिल कुमार पुत्र खेमराज का गांव के ही कुछ लोगों के साथ पुराना विवाद है। आरोप है, इसी बात को लेकर गांव के राम केवल, अखिलेश, दुर्गेश, रामविलास, रज्जन आदि ने अनिल को तालिबानी सजा देने की ठान ली।खबर है, मंगलवार की सुबह जब अनिल नित्य क्रिया के लिए घर से बाहर गया था तभी आरोपियों ने मिलकर अनिल को आम पेड़ में रस्सी से बांधकर उसे घोर यातनाएं देने के साथ लाठी-डंडे से जमकर पिटाई की। इस संदर्भ में प्रभारी निरीक्षक विवेक त्रिवेदी का कहना है, कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमे की कार्रवाई की गई है।दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।अन्य की तलाश जारी है।