बदहाल स्वास्थ्य सेवाएं :उप स्वास्थ्य केंद्र के कमरे में भरा भूसा
उप स्वास्थ्य केंद्र बदहाल, जिम्मेदार नहीं दे रहे कोई ध्यान
इटियाथोक,गोंडा। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए भले ही सरकार दम भर रही हो, लेकिन ग्रामीण क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल नजर आ रही हैं। विभागीय अधिकारियों की अनदेखी के चलते इटियाथोक क्षेत्र के जानकी नगर स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र में ग्रामीणों ने भूसा भर दिया है। एएनएम के केंद्र न पहुंचने से लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं भी नहीं मिल पा रही हैं।इटियाथोक विकासखंड के जानकी नगर पंचायत में अच्छी स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए उप स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कराया गया था।शुरुआती दौर में स्वास्थ्य कर्मियों के आने से टीकाकरण के साथ अन्य सेवाएं लोगों को मिल रही थीं। विभागीय अनदेखी के चलते अब भवन पर ग्रामीणों का कब्जा है। गांव के राजकुमार वर्मा, श्रवण, अमित पांडे, माता प्रसाद सोनकर, सुरेंद्र,सोमनाथ पांडे, शिवनाथ, सुरेश आदि ने बताया, करीब तीन वर्ष से यहां कोई स्वास्थ्य कर्मी नहीं आया है।भवन की देखरेख न होने से गांव के लोगों ने भूसा भरकर कब्जा कर रखा है।ग्रामीण स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने के लिए उप स्वास्थ्य केंद्रों को हेल्थ वेलनेस सेंटर के रूप में उच्चीकृत किए जाने के निर्देश हुए थे।इसके साथ ही जनप्रतिनिधियों को अस्पताल गोद लेकर उनमें स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर करने के निर्देश थे।बावजूद क्षेत्र में इसका असर होता नजर नहीं आ रहा है। यहीं कारण है कि उप स्वास्थ्य केंद्र बदहाल होते जा रहे हैं।