बिना काम कराए ही सरकारी धन का बंदरबांट, संबंधित को नोटिस
भ्रष्टाचारियों पर सीडीओ सख्त, गाज गिरना तय
इटियाथोक गोंडा। विकास खंड अंतर्गत गांव पंचायत दूल्हमपुर के एक जागरूक नागरिक ने तत्कालीन ग्राम विकास अधिकारी सहित कुछ अन्य जिम्मेदारों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है।आरोप है, गांव में प्राथमिकता के बजाय मनमाने ढंग से कार्य किया गया।यहां खड़ंजा निर्माण के लिए बिना काम कराए 5 लाख 78हजार एक सौ सत्तर रुपए बाइस पैसे व पशु शेड निर्माण के लिए श्रम मद पर 5 हजार छह सौ अट्ठाइस रुपए व्यय दिखाकर खाते से धन आहरित कर लिया गया।शिकायत के बाद सीडीओ ने मातहतों को जांच का जिम्मा सौंपा।स्थलीय निरीक्षण के दौरान जांच अधिकारियों को गांव निवासी बड़का के घर से प्राथमिक विद्यालय दूल्हमपुर तक खड़ंजा कार्य व नन्हे का पशु शेड मौके पर नही मिला।जांच अधिकारियों द्वारा अंतिम रिपोर्ट सौंपे जाने के बाद तत्कालीन लेखाकार को कारण बताओ नोटिस थमाई गई है। वहीं निर्धारित समय अवधि में यदि संतोष जनक जवाब नही मिला,तो लेखाकार व ग्राम विकास अधिकारी समेत भ्रष्टाचार में संलिप्त कर्मचारियों पर गाज गिरना तय माना जा रहा है।
क्या कहती हैं खंड विकास अधिकारी
खंड विकास अधिकारी इंद्रावती वर्मा का कहना है, कि सीडीओ के आदेश पर गांव दूल्हमपुर में हुए विकास कार्यों की जांच हुई थी।जांच रिपोर्ट तैयार कर सीडीओ को भेजी जा चुकी है। उच्चाधिकारियों से मिले निर्देशों का पालन किया जाएगा।